विशेष संवाददाता, नई दिल्ली: होम कारोबार बिज़नेस डायरी बाजार स्टार्टअप्स कॉर्पोरेट पर्सनल फाइनेंस More •••
🔍 विस्तृत घटनाक्रम एवं मुख्य बिंदु
1 सितंबर की सुबह छह बजे जब भारत और अमेरिका में ओरेकल के हजारों कर्मचारियों ने अपने ईमेल इनबॉक्स चेक किए, तो वहां सन्नाटा पसरा था। यह सन्नाटा राहत की सांस नहीं, बल्कि एक गहरे खौफ का सबब बन चुका है। दरअसल, अगस्त के मध्य में आई मीडिया रिपोर्ट्स के बाद कर्मचारियों को 1 सितंबर को बड़े पैमाने पर छंटनी की आशंका थी। अब आधिकारिक घोषणा न होने के कारण कर्मचारी बेचैनी में कंपनी के स्लैक मेंबर काउंट और लॉगइन पेजों पर बारीक नजर रख रहे हैं।
बिजनेस इनसाइडर की एक रिपोर्ट के अनुसार, ओरेकल के वरिष्ठ प्रबंधकों से उन कर्मचारियों की सूची तैयार करने को कहा गया था जिन्हें दूसरे वित्तीय तिमाही की शुरुआत यानी 1 सितंबर से पहले निकाला जाना था ताकि पेरोल (वेतन खर्च) को कम किया जा सके। कर्मचारी इस आशंका से डरे हुए हैं क्योंकि 31 मार्च को भी सुबह ठीक 6 बजे 'ओरेकल लीडरशिप' से नौकरी खत्म होने के ईमेल आए थे, जिसमें उसी दिन को आखिरी वर्किंग डे बताया गया था। उस एक लहर में भारत, अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में करीब 10,000 कर्मचारियों की छुट्टी कर दी गई थी।
💬 आधिकारिक बयान एवं रिपोर्ट
कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि न होने के कारण कर्मचारियों ने खुद ही सुराग तलाशना शुरू कर दिया है। रेडिट के 'r/employeesOfOracle' पेज पर बेंगलुरु, मुंबई और अमेरिका के कर्मी लगातार अपडेट साझा कर रहे हैं। वे स्लैक मेंबर काउंट पर स्टॉक टिकर की तरह नजर रख रहे हैं, जो हाल ही में 1,50,198 से गिरकर 1,50,113 पर आ गया। इसके अलावा, कर्मचारी अपने पोर्टल में 'डिवाइस लॉक ऑटोमेशन' जैसे टूल्स की सक्रियता और वरिष्ठ प्रबंधकों की छुट्टियों पर भी पैनी नजर रख रहे हैं।
ओरेकल का बिजनेस तेजी से बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का राजस्व 17% बढ़कर $67.4 बिलियन रहा और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर रेवेन्यू 77% बढ़ा। इसके बावजूद, ओपनएआई जैसी कंपनियों के लिए डेटा सेंटर बनाने पर $55.7 बिलियन का भारी पूंजीगत खर्च बढ़ने से फ्री कैश फ्लो निगेटिव $23.7 बिलियन हो गया है। टीडी कोवेन के अनुसार, 20,000 से 30,000 नौकरियों में कटौती से कंपनी $8 से $10 बिलियन का कैश फ्लो बचा सकती है। पिछले वित्त वर्ष में भी कंपनी ने कर्मचारियों की संख्या 1,62,000 से घटाकर 1,41,000 कर दी थी।
फिलहाल ओरेकल ने इस छंटनी पर टिप्पणी नहीं की है। लेकिन कर्मचारियों के बीच अफवाहों का बाजार गर्म है कि यह छंटनी 15 या 30 सितंबर को होने वाले टाउनहॉल तक के लिए टल गई है। वहीं, कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 3000 कर्मचारियों तक के छंटनी के दावे भी किए जा रहे हैं, हालांकि उनकी पुष्टि नहीं हो सकती है। ऐसे में वित्तीय बोझ और एआई तकनीक को अपनाने की इस कॉरपोरेट जंग में कर्मचारियों के लिए आने वाले दिन बेहद तनावपूर्ण रहने वाले हैं।