विशेष संवाददाता, नई दिल्ली: होम देश शहर और राज्य चुनाव LIVE कारोबार मनोरंजन More •••
🔍 विस्तृत घटनाक्रम एवं मुख्य बिंदु
मराठा आरक्षण की मांग को लेकर कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने शनिवार को बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वह अपने समर्थकों के साथ 19 सितंबर से मुंबई के आजाद मैदान में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे। यह आंदोलन ऐसे समय में शुरू होने जा रहा है, जब महाराष्ट्र में 14 से 25 सितंबर तक गणपति उत्सव का दौर रहेगा। जरांगे ने कहा कि आरक्षण मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा और उनका मकसद लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग मनवाना है।
जरांगे ने राज्य सरकार पर गजट से जुड़ी मांगों को लागू नहीं करने और 58 लाख कुणबी रिकॉर्ड के आधार पर जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब यह मुद्दा मुंबई तक ले जाया जाएगा और यह आरक्षण की मांग की अंतिम लड़ाई है। उनकी प्रमुख मांगों में एक ऐसी सरकारी अधिसूचना जारी करना शामिल है, जिसके तहत पुराने रिकॉर्ड और गजट दस्तावेजों के आधार पर मराठा समुदाय के लोगों को अन्य पिछड़ा वर्ग यानी ओबीसी में कुणबी समुदाय को मिलने वाले आरक्षण का लाभ मिल सके। हालांकि, ओबीसी समूह इसका जोरदार विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि इससे उनके हिस्से के आरक्षण और दूसरे लाभ प्रभावित हो सकते हैं।